अहमदाबाद विमान हादसा: 204 यात्रियों की मौत की पुष्टि, डॉक्टर्स हॉस्टल के छात्र भी आए चपेट में

अहमदाबाद, जनमुख न्यूज़। शुक्रवार को एक बड़ा विमान हादसा हुआ, जब एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI-171 उड़ान भरते ही क्रैश हो गई। यह विमान दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुआ था और महज दो मिनट बाद 1:40 बजे सिविल हॉस्पिटल परिसर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
विमान बोइंग 787 ड्रीमलाइनर था, जिसमें कुल 242 लोग सवार थे। इनमें 230 यात्री और 12 क्रू सदस्य शामिल थे। यात्री सूची में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक शामिल थे।
गुजरात के पुलिस कमिश्नर ने एक टीवी चैनल को दिए बयान में बताया कि हादसे में अब तक 204 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इन शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शेष 40 घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। हादसे में सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टर्स हॉस्टल में रह रहे कई रेजिडेंट डॉक्टर भी घायल हुए हैं।
हादसा बेहद भयानक था। प्लेन एयरपोर्ट की दीवार को पार करते हुए एयर कस्टम कार्गो ऑफिस के पास स्थित डॉक्टरों के हॉस्टल की चार इमारतों से टकरा गया। बताया गया है कि हादसे के वक्त हॉस्टल में 50 से 60 इंटर्न डॉक्टर्स मौजूद थे, जिनमें कई मेस में लंच कर रहे थे। विस्फोट इतना जोरदार था कि कई शव टुकड़ों में बिखर गए और अधिकतर पहचान से परे हैं। शवों की पहचान के लिए DNA टेस्ट की जरूरत पड़ रही है।
विमान गिरते ही इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया और अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव कार्य जारी है। प्रशासन की कई टीमें मौके पर मौजूद हैं और जांच के आदेश दे दिए गए हैं।


