प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा की अवीवा बेग से सगाई, सोशल मीडिया पर शेयर की खुशखबरी

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की सगाई उनकी गर्लफ्रेंड अवीवा बेग से हो गई है। इस खुशखबरी को दोनों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए सगाई की तस्वीरें पोस्ट कीं। पोस्ट के मुताबिक, दोनों की सगाई 29 दिसंबर 2025 को संपन्न हुई।
रेहान वाड्रा की सगाई की तस्वीरें साझा करते हुए उनके पिता रॉबर्ट वाड्रा ने भी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा, “बेटा जवान हो गया है और उसे जीवनसंगनी मिल गई है। रेहान के जीवन में हमेशा खुशियां बनी रहें।” उनकी पोस्ट के बाद बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।
इससे पहले 30 दिसंबर को न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से इस सगाई की जानकारी दी थी। इसके बाद गांधी-वाड्रा परिवार राजस्थान के रणथंभौर पहुंचा था, जहां रेहान और अवीवा ने परिवार के साथ समय बिताया। दोनों पिछले सात साल से रिलेशनशिप में हैं और फोटोग्राफी के शौकीन हैं।
अवीवा बेग ने मीडिया और कम्युनिकेशन के क्षेत्र में काम किया है। वह कंटेंट प्लेटफॉर्म Propaganda में जूनियर प्रोजेक्ट मैनेजर रह चुकी हैं और डिजिटल कंटेंट प्लेटफॉर्म Art Chain India में मार्केटिंग इंटर्न के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। इसके अलावा वह I-Parliament में प्रकाशित The Journal की एडिटर-इन-चीफ भी रह चुकी हैं।
अवीवा ने Verve Magazine India और Creative IMAGE Magazine में इंटर्नशिप की है। वह Atelier 11 की को-फाउंडर हैं, जो एक फोटोग्राफिक स्टूडियो और प्रोडक्शन कंपनी है और देशभर में एजेंसियों व ब्रांड्स के साथ काम करती है। अवीवा इंडिया आर्ट फेयर के यंग कलेक्टर प्रोग्राम के तहत कई प्रतिष्ठित प्रदर्शनियों का हिस्सा भी रह चुकी हैं।
अवीवा बेग दिल्ली के एक प्रतिष्ठित बिजनेस परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता इमरान बेग बिजनेसमैन हैं, जबकि मां नंदिता बेग जानी-मानी इंटीरियर डिजाइनर हैं। नंदिता बेग ने ही कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन का इंटीरियर डिजाइन किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रियंका गांधी वाड्रा और नंदिता बेग की पुरानी दोस्ती भी रही है।
बताया जा रहा है कि गांधी-वाड्रा परिवार रणथंभौर में करीब चार दिन रुका। इस दौरान रेहान और अवीवा ने टाइगर सफारी का भी आनंद लिया और दोनों कैप पहने नजर आए। सगाई के बाद से ही यह जोड़ी सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।

