अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला: 2027 में यूपी की जनता देगी जवाब, सपा सरकार बनाएगी

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा अन्याय और अधर्म के रास्ते पर चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार पूरी तरह नाकाम साबित हुई है और जनहित में कोई ठोस काम नहीं कर पाई है। प्रदेश की व्यवस्था चरमरा गई है, स्वास्थ्य सेवाएं बर्बाद हो चुकी हैं और भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। किसानों, नौजवानों और महिलाओं को संकट में डाल दिया गया है, जबकि महंगाई और बेरोजगारी से हर वर्ग परेशान है।
बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नफरत की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि जब भाजपा कमजोर होती है तो और ज्यादा सांप्रदायिक हो जाती है। भाजपा नेताओं को उन्होंने “आरोपजीवी” बताते हुए कहा कि उनका काम सिर्फ समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाना रह गया है। उन्होंने भाजपा को पूंजीवादी पार्टी करार देते हुए आरोप लगाया कि वह पूंजीपतियों के मुनाफे के लिए काम करती है और बैंकों के कर्ज दिलाने में उनकी मदद करती है। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा झूठे वादे करने वाली पार्टी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि सत्य का रास्ता ही धर्म का रास्ता है और न्याय के रास्ते पर चलकर सभी को सम्मान देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अन्याय और अत्याचार कर रही है तथा लोगों को अपमानित कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जैसे ही उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की घोषणा होगी, बुलडोजर का कहीं पता नहीं चलेगा और 2027 में प्रदेश की जनता भाजपा को “डिटेंशन सेंटर” में भेज देगी।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी सकारात्मक राजनीति करती है और विकास, नौकरी तथा रोजगार की बात करती है। सपा नकारात्मक राजनीति में विश्वास नहीं रखती। उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार के दौरान प्रदेश में व्यापक विकास कार्य हुए थे। 2027 में सपा की सरकार बनने पर किसानों, नौजवानों, गरीबों और महिलाओं के हित में बड़े फैसले लिए जाएंगे। शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार किया जाएगा, गरीबों को मुफ्त इलाज मिलेगा और महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी जो वादा करती है, उसे पूरा करती है। उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल की योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि महिलाओं को पेंशन, छात्राओं को कन्या विद्या धन, बहन-बेटियों की सुरक्षा के लिए 1090 वूमेन पावर लाइन और 102 व 108 एंबुलेंस सेवाएं शुरू की गई थीं। उन्होंने कहा कि 2027 में सपा की सरकार बनाने में महिलाओं की अहम भूमिका होगी।
कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि मतदाता सूची में हर पात्र मतदाता का नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 भरवाया जाए और 6 फरवरी से पहले नए और छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने का अभियान तेज किया जाए। उन्होंने भाजपा पर हेरा-फेरी का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने को कहा और दावा किया कि भाजपा बेईमानी करने के लिए किसी भी स्तर तक जा सकती है।

