चौथे टी20 में न्यूजीलैंड ने भारत को 50 रन से हराया, सीरीज में पहली जीत दर्ज

विशाखापत्तनम, जनमुख स्पोर्ट्स न्यूज़। न्यूजीलैंड ने भारत को चौथे टी20 मुकाबले में 50 रन से शिकस्त देकर मौजूदा सीरीज में अपनी पहली जीत दर्ज की। बुधवार को विशाखापत्तनम में खेले गए मुकाबले में कीवी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 215 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 18.4 ओवर में 165 रन पर सिमट गई। इस हार के बावजूद भारत सीरीज में 3-1 से आगे है।
टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड को टिम सीफर्ट और डेवोन कॉनवे ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी हुई। सीफर्ट ने आक्रामक अंदाज में 36 गेंदों पर 62 रन बनाए, जबकि कॉनवे ने 44 रनों की पारी खेली। मध्य ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने वापसी की, लेकिन अंत में डेरिल मिचेल की 18 गेंदों में नाबाद 39 रन की पारी की मदद से न्यूजीलैंड 215 रन तक पहुंच गया।
216 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पारी की पहली ही गेंद पर अभिषेक शर्मा आउट हो गए और कप्तान सूर्यकुमार यादव भी जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद रिंकू सिंह (39) और संजू सैमसन (24) ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन रन गति नहीं बढ़ा सके। हार्दिक पांड्या भी नाकाम रहे और 11 ओवर में भारत का स्कोर 82/5 हो गया।
संघर्ष के बीच शिवम दुबे ने एक छोर से आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने मात्र 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 23 गेंदों में 65 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें सात छक्के शामिल थे। हालांकि, दूसरे छोर से उन्हें सहयोग नहीं मिला। दुबे के आउट होते ही भारत की उम्मीदें टूट गईं और पूरी टीम 165 रन पर ऑलआउट हो गई।
इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने सीरीज में खाता खोला, जबकि भारत अब भी 3-1 की बढ़त बनाए हुए है।

