डोनाल्ड ट्रंप के डिनर पार्टी में पर गोली चलने से हड़कंप, सुरक्षित; संदिग्ध हिरासत में

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान अचानक गोली जैसी आवाजें सुनाई दीं। यह कार्यक्रम एक बड़े होटल में आयोजित था, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत कई शीर्ष नेता मौजूद थे।आवाज सुनते ही सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। यूएस सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स ने फौरन राष्ट्रपति ट्रंप को मंच से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। उनके साथ उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और अन्य कैबिनेट सदस्यों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, अचानक हुई इस घटना से कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो में भी हॉल के अंदर हलचल और अफरा-तफरी देखी जा सकती है, हालांकि इनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रंप पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई है। सुरक्षा एजेंसियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
इस घटना के बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर प्रतिक्रिया देते हुए सुरक्षा एजेंसियों की सराहना की। उन्होंने लिखा कि एजेंसियों ने तेजी और बहादुरी से कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। साथ ही उन्होंने बताया कि अधिकारियों के निर्देश पर उन्हें कार्यक्रम स्थल से बाहर ले जाया गया और जल्द ही वे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।फिलहाल, घटना के पीछे की वजहों की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही हैं।

