गाजीपुर कांड पर कांग्रेस का प्रदर्शन, बाबतपुर एयरपोर्ट पर कई नेता हिरासत में

वाराणसी/गाजीपुर, जनमुख न्यूज़। गाजीपुर के करंडा ब्लॉक स्थित कटरिया गांव में हुए निशा विश्वकर्मा हत्याकांड को लेकर सियासत तेज हो गई है। पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर पुलिस ने रोककर हिरासत में ले लिया।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल, जिसमें ओबीसी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जयहिंद, अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र गौतम, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू, राज्यसभा सांसद कर्मवीर सिंह बौद्ध समेत कई नेता शामिल थे, गाजीपुर जाने के लिए पहुंचा था। लेकिन एयरपोर्ट पर भारी पुलिस बल तैनात कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया गया।वहीं, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव को एयरपोर्ट के बाहर से गिरफ्तार कर सिंधौरा थाने ले जाया गया। अन्य वरिष्ठ नेताओं को बड़ागांव थाने में रखा गया।कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पुलिस प्रशासन ने उन्हें पहले से ही नजरबंद कर रखा था और गाजीपुर जाने से रोकने के लिए जगह-जगह बाधाएं खड़ी की गईं। इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए पार्टी ने कड़ी आपत्ति जताई है।
महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पीड़ित परिवार से मिलना अगर अपराध बन गया है, तो यह लोकतंत्र के लिए चिंताजनक संकेत है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है और विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि वह निशा विश्वकर्मा को न्याय दिलाने और पीड़ित परिवार के समर्थन में अपना संघर्ष जारी रखेगी। पार्टी का कहना है कि पुलिसिया कार्रवाई से उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
इस दौरान फसाहत हुसैन, राजू राम, आशीष गुप्ता, सेतराम केशरी, शीतला पटेल, अविनाश राजभर समेत दर्जनों कार्यकर्ता भी हिरासत में लिए गए।

