28 अप्रैल को पीएम मोदी का काशी दौरा: 6332 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, महिला सम्मेलन को करेंगे संबोधित

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल को दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र काशी पहुंचेंगे। पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के दूसरे चरण के समाप्त होने के बाद उनका यह दौरा तय हुआ है। इस दौरान प्रधानमंत्री जनआक्रोश महिला सम्मेलन के जरिए नारी वंदन संशोधन विधेयक को लेकर अपनी बात रखेंगे।
प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान काशी को बड़ी विकास सौगात देंगे। वह करीब 6332 करोड़ रुपये की लागत से जुड़ी 163 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों—बनारस से पुणे (हडपसर) और अयोध्या से मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस)—को हरी झंडी दिखाएंगे।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री दोपहर करीब 1:30 बजे बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से बरेका ग्राउंड जाएंगे, जहां शाम 5 बजे बरेका इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
इस सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। पार्टी की ओर से इस कार्यक्रम में करीब 50 हजार महिलाओं के शामिल होने का दावा किया गया है। सम्मेलन की व्यवस्था और संचालन की जिम्मेदारी भी महिला कार्यकर्ताओं को सौंपी गई है।
दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और शहर में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा भी कर सकते हैं।

