दिल्ली के विवेक विहार में भीषण अग्निकांड: 4 मंजिला इमारत में लगी आग, 9 लोगों की मौत

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। विवेक विहार स्थित एक चार मंजिला इमारत में देर रात भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 3:47 बजे आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली, जिसके बाद मौके पर दमकल की कई गाड़ियां पहुंचीं। आग दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल के फ्लैटों में तेजी से फैल गई, जिससे कई लोग अंदर फंस गए।
रेस्क्यू टीमों ने अब तक 16 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है, जबकि कुछ घायलों को इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। राहत कार्य में दमकल की करीब 12 गाड़ियां, डीडीएमए की टीम, ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय प्रशासन जुटा हुआ है।
स्थानीय पार्षद पंकज लूथरा के अनुसार, इमारत के अलग-अलग हिस्सों से नौ शव बरामद किए गए हैं, जिनकी पहचान फिलहाल मुश्किल है। शवों को पोस्टमार्टम और डीएनए जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि कुछ लोगों ने एसी में धमाके की आशंका भी जताई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।

