बंगाल हिंसा के बीच शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या, बोले— “यह प्री-प्लान्ड मर्डर”

कोलकाता, जनमुख न्यूज़। शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में तनाव और बढ़ गया है। मध्यग्राम में हुई इस वारदात को लेकर शुभेंदु अधिकारी ने इसे पूरी तरह सुनियोजित हत्या बताते हुए राज्य सरकार और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह “प्री-प्लान्ड मर्डर” था और पुलिस महानिदेशक (DGP) ने भी शुरुआती जांच में इस आशंका की पुष्टि की है। उनके मुताबिक, हमलावरों ने घटना से पहले इलाके की कई दिनों तक रेकी की थी, जिसके बाद हत्या को अंजाम दिया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं और जांच जारी है। इस घटना पर दुख जताते हुए शुभेंदु ने कहा कि उनके पास इस हत्या की निंदा करने के लिए शब्द नहीं हैं। उन्होंने दिल्ली में पार्टी नेतृत्व को पूरी जानकारी देने की बात भी कही।
सुकांत मजूमदार समेत कई भाजपा नेता और विधायक पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। शुभेंदु अधिकारी ने राज्य की स्थिति को “15 साल के महा-जंगलराज” का परिणाम बताते हुए कहा कि भाजपा अब अपराध और गुंडागर्दी के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेगी।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात मध्यग्राम के दोहारिया इलाके में 4 से 5 मोटरसाइकिलों पर सवार हमलावर पहुंचे और चंद्रनाथ रथ को निशाना बनाकर सिर में गोली मार दी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
चंद्रनाथ रथ लंबे समय से शुभेंदु अधिकारी की टीम के करीबी सहयोगी माने जाते थे।
उधर, चुनाव परिणामों के बाद पश्चिम बंगाल में हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पुलिस के मुताबिक हिंसा, आगजनी, तोड़फोड़ और मारपीट से जुड़े करीब 200 मामले दर्ज किए गए हैं। अब तक 433 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 1100 से अधिक लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया गया है।

