तमिलनाडु में बड़ा उलटफेर: विजय की TVK बनी सबसे बड़ी पार्टी, स्टालिन हारे चुनाव

चेन्नई, जनमुख न्यूज़। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में इस बार बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला है। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।
चुनाव में जहां मुकाबला DMK और AIADMK के बीच माना जा रहा था, वहीं TVK ने सबको चौंकाते हुए शानदार प्रदर्शन किया। पार्टी अब तक 74 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है और 32 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
सबसे बड़ा झटका मौजूदा मुख्यमंत्री एम के स्टालिन को लगा, जो कोलाथुर सीट से चुनाव हार गए। उन्हें TVK उम्मीदवार बी.एस. बाबू ने 8 हजार से अधिक वोटों से हराया।
173 सीटों के घोषित नतीजों में TVK ने 82 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि DMK गठबंधन 46 और AIADMK 38 सीटों पर सिमट गई है। अब सरकार बनाने के लिए TVK को 118 सीटों का बहुमत हासिल करना होगा।
इस बीच विजय के पिता एस ए चंद्रशेखर ने संकेत दिए हैं कि कांग्रेस अगर चाहे तो TVK के साथ गठबंधन कर सकती है।
TVK प्रमुख विजय ने पेरंबूर सीट से 53,513 वोटों से जीत हासिल की है। वहीं पार्टी के अन्य उम्मीदवारों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। थूथुकुडी सीट पर TVK के श्रीनाथ ने समाज कल्याण मंत्री गीता जीवन को हराया, जबकि विरुगम्बक्कम सीट से आर. सबरिनाथन ने जीत दर्ज की।
चुनाव परिणामों के बाद एम के स्टालिन ने जनता के फैसले को स्वीकार करते हुए विजेताओं को बधाई दी और अपनी सरकार के कार्यों का उल्लेख किया।
TVK की इस बड़ी जीत पर राहुल गांधी ने विजय को फोन कर बधाई दी और इसे युवाओं की उभरती आवाज बताया। वहीं नरेंद्र मोदी ने भी तमिलनाडु के मतदाताओं का आभार जताते हुए TVK को शुभकामनाएं दीं और राज्य के विकास के लिए सहयोग का भरोसा दिया।
इस ऐतिहासिक जीत के बाद तमिलनाडु से लेकर दिल्ली तक TVK समर्थकों में जश्न का माहौल है और राज्य की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत के संकेत मिल रहे हैं।

