कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन तय, सिद्धारमैया ने मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा

बंगलुरु, जनमुख न्यूज़। Siddaramaiah ने गुरुवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल कार्यालय को अपना इस्तीफा सौंपा। हालांकि राज्यपाल के बेंगलुरु में मौजूद नहीं होने के कारण इस्तीफा राज्यपाल के सचिव को सौंपा गया। अब शुक्रवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक में नए नेता का चुनाव किया जाएगा। पार्टी सूत्रों के मुताबिक उपमुख्यमंत्री D. K. Shivakumar का मुख्यमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है।
इस्तीफे के बाद मीडिया से बातचीत में सिद्धारमैया ने कहा कि उन्होंने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि पार्टी आलाकमान के निर्देश मिलते ही वह पद छोड़ देंगे। उन्होंने कहा, “आज पार्टी नेतृत्व ने इस्तीफा देने को कहा, इसलिए मैंने अपना इस्तीफा सौंप दिया। राज्यपाल के बेंगलुरु लौटने पर संवैधानिक प्रक्रिया के तहत इसे स्वीकार किया जाएगा।”
सिद्धारमैया ने कहा कि उनके लिए संविधान ही सबसे बड़ा धर्म है और मतदाता उनके भगवान हैं। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष Mallikarjun Kharge समेत पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं का समर्थन के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में शामिल होने के बाद से उन्हें लगातार सहयोग मिला, जिसकी बदौलत वह दो बार मुख्यमंत्री बने।
इस्तीफे के बाद सिद्धारमैया कांग्रेस हाईकमान से मुलाकात के लिए दिल्ली रवाना हो गए। वहीं डीके शिवकुमार भी गुरुवार रात नई दिल्ली के लिए रवाना हुए। माना जा रहा है कि कांग्रेस नेतृत्व के साथ बैठक में विधायक दल के नए नेता, नई कैबिनेट के गठन और संगठनात्मक बदलावों पर चर्चा होगी।
सूत्रों के अनुसार, कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पद को लेकर भी चर्चा हो सकती है, जो फिलहाल डीके शिवकुमार के पास है। पार्टी के भीतर अगले एक-दो दिनों में नई सरकार की तस्वीर साफ होने की संभावना जताई जा रही है।
इससे पहले सिद्धारमैया ने अपने आवास पर मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ बैठक की थी। बताया जा रहा है कि उन्होंने मंत्रियों को अपने इस्तीफे की जानकारी दी और संकेत दिया कि पार्टी हाईकमान के निर्देशानुसार डीके शिवकुमार उनके उत्तराधिकारी होंगे।

