JEE Advanced 2026 Result: शुभम कुमार ने किया टॉप, 56,880 अभ्यर्थी सफल; दिल्ली जोन का दबदबा

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई (एडवांस्ड) 2026 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस वर्ष कुल 56,880 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में सफलता प्राप्त की है, जिनमें 10,107 छात्राएं शामिल हैं। परिणाम जारी होने के साथ ही देशभर के लाखों छात्रों का इंतजार समाप्त हो गया है।
इस बार आईआईटी दिल्ली जोन के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष तीनों स्थानों पर कब्जा जमाया। शुभम कुमार ने 360 में से 330 अंक हासिल कर कॉमन रैंक लिस्ट (CRL) में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं कबीर छिल्लर 329 अंकों के साथ दूसरे और जतिन चाहर 319 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।आईआईटी रुड़की द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, परीक्षा के लिए कुल 1,87,389 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 1,79,694 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए और 56,880 सफल घोषित किए गए। सफल उम्मीदवार अब आईआईटी, आईएसएम धनबाद और अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली जोसा (JoSAA) काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर अपने रोल नंबर, जन्म तिथि और पंजीकृत मोबाइल नंबर की सहायता से स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। स्कोरकार्ड में ऑल इंडिया रैंक (AIR), विषयवार अंक, कुल अंक, श्रेणीवार रैंक और कटऑफ संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई गई है।
IIT जोनवार प्रमुख टॉपर्स
IIT दिल्ली – शुभम कुमार (CRL-1)
IIT मद्रास – मोहित शेखर शुक्ला (CRL-4)
IIT बॉम्बे – बी. जयकृष्ण श्रीनिवास (CRL-6)
IIT रुड़की – निकुंज अग्रवाल (CRL-11)
IIT कानपुर – रिद्धेश अनंत बेंडाले (CRL-18)
IIT भुवनेश्वर – भावेश पात्र (CRL-29)
IIT गुवाहाटी – यशराज सिंह (CRL-122)
महिला अभ्यर्थियों में आईआईटी दिल्ली जोन की आरोही देशपांडे ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 77वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल की। उन्होंने 360 में से 280 अंक प्राप्त किए।जेईई एडवांस्ड देश के प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (IITs) में प्रवेश का प्रमुख माध्यम है। इस परीक्षा के जरिए छात्रों को बीटेक, ड्यूल डिग्री और इंटीग्रेटेड इंजीनियरिंग कार्यक्रमों में दाखिला मिलता है। परिणाम घोषित होने के बाद अब सफल अभ्यर्थियों की नजरें काउंसलिंग और पसंदीदा आईआईटी में सीट हासिल करने पर टिकी हैं।

