कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन: डीके शिवकुमार ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, जी. परमेश्वर बने उपमुख्यमंत्री

बेंगलुरु, जनमुख न्यूज़। कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन के बीच कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। राजभवन में आयोजित समारोह की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् से हुई। राज्यपाल ने डीके शिवकुमार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता जी. परमेश्वर ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की।
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के अलावा मंत्रिपरिषद के विस्तार के तहत 12 अन्य नेताओं को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के पुत्र डॉ. यतींद्र सिद्धारमैया का नाम भी शामिल है। उल्लेखनीय है कि सिद्धारमैया ने 28 मई को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी की गई।शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष Mallikarjun Kharge, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
समारोह से पहले कांग्रेस नेताओं और समर्थकों ने डीके शिवकुमार का भव्य स्वागत किया।मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले डीके शिवकुमार ने अपनी मां गौराम्मा का आशीर्वाद लिया। यह भावुक क्षण समारोह से पहले चर्चा का विषय बना रहा। इसके अलावा उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री H. D. Deve Gowda से उनके आवास पर मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया।डीके शिवकुमार ने शपथ ग्रहण समारोह में विभिन्न दलों के नेताओं को आमंत्रित किया था।
उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता B. S. Yediyurappa को भी आमंत्रण भेजा और समारोह से पहले उनसे मुलाकात कर बातचीत की।कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि डीके शिवकुमार के नेतृत्व में नई सरकार राज्य में विकास, प्रशासनिक सुधार और संगठनात्मक मजबूती के एजेंडे को आगे बढ़ाएगी। नई सरकार के गठन के साथ ही कर्नाटक की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है।

