मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल में भीषण आग, ICU में मचा हड़कंप; कई मरीजों की मौत, जांच शुरू

मुजफ्फरपुर, जनमुख न्यूज़। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में गुरुवार तड़के एक निजी अस्पताल में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध प्रसाद हॉस्पिटल की पांचवीं मंजिल पर बने आईसीयू वार्ड में सुबह करीब चार बजे आग भड़क उठी। आग के साथ फैले जहरीले धुएं ने पूरे वार्ड को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मरीजों और अस्पताल कर्मियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। आईसीयू में भर्ती मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालकर आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार 15 से 20 मरीजों को रेस्क्यू किया गया, जबकि हादसे में कई लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों की संख्या को लेकर अलग-अलग आंकड़े सामने आए हैं और प्रशासन ने आधिकारिक जांच शुरू कर दी है।
दमकल विभाग को आग लगने की सूचना सुबह 3:55 बजे मिली थी। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच कराई जा रही है।घटना के समय आईसीयू में कई गंभीर मरीज भर्ती थे। अस्पताल स्टाफ ने तुरंत मरीजों को बाहर निकालने का प्रयास किया और कई लोगों की जान बचाई। गंभीर मरीजों को विभिन्न निजी और सरकारी अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सुव्रत कुमार सेन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे तथा राहत कार्यों का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच के लिए विशेष टीम गठित की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रभावित मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और घायलों के इलाज के लिए समुचित व्यवस्था की गई है।

