राज्यसभा चुनाव 2026: कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की सूची, खरगे और पवन खेड़ा कर्नाटक से मैदान में

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। कांग्रेस ने राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मंजूरी के बाद सात उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई गई। सूची में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा को कर्नाटक से उम्मीदवार बनाया गया है।
पार्टी द्वारा जारी सूची के अनुसार कर्नाटक से मल्लिकार्जुन खरगे, पवन खेड़ा और मंसूर अली खान को राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित किया गया है। मध्य प्रदेश से वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाया गया है।राजस्थान से मौजूदा राज्यसभा सांसद नीरज डांगी पर पार्टी ने एक बार फिर भरोसा जताते हुए उन्हें दोबारा उम्मीदवार बनाया है। वहीं तमिलनाडु से प्रसिद्ध अर्थशास्त्री और कांग्रेस के रणनीतिकार प्रवीण चक्रवर्ती को टिकट दिया गया है। झारखंड से प्रणव झा को पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए मैदान में उतारा है।
कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि घोषित उम्मीदवारों का राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव पार्टी को संसद के उच्च सदन में मजबूती प्रदान करेगा। राज्यसभा चुनाव को लेकर अब विभिन्न राज्यों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और सभी दल अपने-अपने उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने की रणनीति बनाने में जुट गए हैं।
कांग्रेस की इस सूची में अनुभवी नेताओं के साथ-साथ संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले चेहरों को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है, जिसे आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

