सोनम वांगचुक ने अनिश्चितकालीन अनशन जारी रखने का किया एलान, सांसदों से वार्ता की अनुमति मिलने तक नहीं तोड़ेंगे उपवास

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने सोमवार को घोषणा की कि वह अपना अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक आंदोलन से जुड़े युवा नेताओं को सांसदों से मिलने की अनुमति नहीं दी जाती या उन्हें स्वयं अस्पताल में सांसदों से मिलने की इजाजत नहीं मिलती, तब तक उनका उपवास जारी रहेगा।
सफदरजंग अस्पताल से जारी एक हस्तलिखित बयान में वांगचुक ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ हुई पुलिस कार्रवाई से वह आहत हैं। उन्होंने कहा कि इसी वजह से उन्होंने अपना अनशन जारी रखने का फैसला किया है।
वांगचुक ने उम्मीद जताई कि सरकार शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार करेगी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री की जवाबदेही भी तय करेगी।
उन्होंने आंदोलन में शामिल युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उकसावे के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने संयम और शांति बनाए रखी। साथ ही सरकार और पुलिस से अपील की कि छात्रों को संसद के समक्ष अपनी बात रखने और सांसदों से संवाद का अवसर दिया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि आंदोलनकारी आगे भी शांतिपूर्ण ढंग से अपना विरोध जारी रखेंगे।
गौरतलब है कि 21 दिनों तक अनशन करने के बाद 18 जुलाई को दिल्ली पुलिस सोनम वांगचुक को चिकित्सकीय देखरेख के लिए सफदरजंग अस्पताल ले गई थी। तब से उनका इलाज वहीं चल रहा है।

