बहराइच में मूर्ति विसर्जन के दौरान विवाद के हिंसा में एक की मौत, कई घायल

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। बहराइच के महसी तहसील के महराजगंज कस्बे में रविवार की शाम मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे पर बज रहे गाने को लेकर विवाद हो गया। गाने के विरोध में दूसरे समुदाय के युवकों ने गाली-गलौज की और छत से पत्थरबाजी कर दी। बताया जाता है कि पत्थर चलने से मां दुर्गा की प्रतिमा खंडित हो गई। जिससे दूसरे समुदाय ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। आरोप है कि प्रदर्शन दौरान दूसरे समुदाय के लोग एक युवक को घर के अंदर पकड़ ले गए और गोली मार दी। जिससे रेहुवा मंसूर निवासी रामगोपाल मिश्रा(24) की मौत हो गई। वहीं उसे बचाने पहुंचा राजन(28) भी गंभीर रुप से घायल हो गए। यही नहीं लगभग एक दर्जन अन्य लोगों के घायल होने का दावा किया जा रहा है।
घटना की जानकारी होने पर एसपी वृंदा शुक्ला भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास शुरु किया। एसपी वृंदा शुक्ला ने बताया कि मौके पर दो प्लाटून पीएसी तैनात की गई है। साथ ही छह थानों की पुलिस भी मौजूद है। स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।
विसर्जन जुलूस में शामिल लोगों ने आरोप लगाते हुए बताया कि भगदड़ के दौरान दूसरे समुदाय के लोग विसर्जन में शामिल रेहुवा मंसूर निवासी रामगोपाल मिश्रा(24) को घसीट कर अपने घर में ले गए। आरोप है कि वहां उसकी बर्बरता के साथ पिटाई करते हुए उसके पैर के नाखून उखाड़ लिए और उसे कई गोलियां मारी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसे बचाने पहुंचे उसी के गांव के रहने वाले राजन(28) भी गंभीर रुप से घायल हो गए।

