गेटवे ऑफ इंडिया के पास नेवी बोट की यात्री नाव से टक्कर,13 की मौत, 101 लोग बचाए गए

मुंबई, जनमुख न्यूज़। मुंबई के समुद्र में हुए अप्रत्याशित हादसे में तीन नौसैनिकों समेत 13 लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना उस समय हुई जब एक नाव गेटवे ऑफ इंडिया से एलीफेंटा द्वीप के लिए लगभग 110 यात्रियों को लेकर जा रही थी। तभी नौसेना के जहाज ने अनियंत्रित होकर नाव को टक्कर मार दी। यह घटना शाम करीब 4 बजे हुई। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक इस हादसे में तीन नौसेने के जवान समेत कुल 13 लोगों की मौत होने की खबर सामने आ रही है। वहीं 101 अन्य यात्रियों को बचाए जाने की बात कही जा रही है। जबकि कई लोगों की तलाश अभी भी जारी है।
जानकारी के अनुसार नौका में लगभग 110 लोग सवार थे, हालांकि सटीक संख्या की पुष्टि नहीं हो पाई है। यह नौका मुंबई के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल एलीफेंटा द्वीप की ओर जा रही थी, जब करीब शाम 4 बजे एक छोटी नाव उससे टकरा गई और इसके बाद नौका पलट गई। घटना के तुरंत बाद जारी वीडियो में बचाव अभियान चलता हुआ दिखाया गया।
वहीं रेस्क्यू ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए एक रक्षा अधिकारी ने बताया कि नौसेना और तटरक्षक बल ने बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया है। नौसेना की 11 नावें और मरीन पुलिस की तीन नावें और तटरक्षक बल की एक नाव को इलाके में तैनात किया गया है।
रक्षा अधिकारी ने आगे बताया कि अन्य एक दर्जन से ज्यादा यात्रियों की खोज और बचाव अभियान में चार हेलीकॉप्टर शामिल है, वहीं इसमें स्थानीय पुलिस, जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण और इलाके के मछुआरे भी बचाव कार्य में शामिल हैं।
मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता की घोषणा
मुख्यमंत्री फडणवीस ने बोट हादसे में मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता घोषित की है। उन्होंने कहा कि यह राशि मुख्यमंत्री सहायता निधि से प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस घटना की विस्तृत जांच होगी। नौसेना के साथ पुलिस भी मामले की जांच करेगी।

