NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, कथित मास्टरमाइंड पीवी कुलकर्णी गिरफ्तार

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित मास्टरमाइंड पीवी कुलकर्णी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महाराष्ट्र के लातूर का रहने वाला है और पुणे में केमिस्ट्री शिक्षक के रूप में कार्यरत था।
सीबीआई के मुताबिक, पीवी कुलकर्णी परीक्षा प्रक्रिया में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) से जुड़ा हुआ था, जिसके चलते उसकी पहुंच प्रश्नपत्रों तक थी। जांच एजेंसी का आरोप है कि उसने पुणे में विशेष कोचिंग क्लासेस के जरिए छात्रों को लीक हुए प्रश्न और उनके उत्तर उपलब्ध कराए थे।
मामले की जांच के दौरान सीबीआई ने देशभर में कई स्थानों पर छापेमारी की, जहां से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। एजेंसी के अनुसार, इस मामले में अब तक सात लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पेपर लीक से जुड़े बड़े नेटवर्क की जांच जारी है।
उधर, महाराष्ट्र के लातूर में भी जांच तेज कर दी गई है। लातूर को राज्य का बड़ा कोचिंग हब माना जाता है। यहां एक अभिभावक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक निजी कोचिंग संस्थान के मॉक टेस्ट के 42 सवाल NEET परीक्षा के प्रश्नपत्र से मेल खाते थे। इसके बाद सीबीआई ने लातूर के एक रिटायर्ड शिक्षक को भी हिरासत में लिया है, हालांकि उनकी पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
इससे पहले लातूर पुलिस कोचिंग संस्थानों के कर्मचारियों, काउंसलर और छात्रों समेत कई लोगों से पूछताछ कर चुकी है।
गौरतलब है कि NEET-UG 2026 परीक्षा 3 मई को देश के 551 शहरों और 14 विदेशी केंद्रों पर आयोजित हुई थी, जिसमें करीब 23 लाख छात्रों ने पंजीकरण कराया था। पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद NTA ने परीक्षा रद्द कर दी थी। अब दोबारा परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी।
राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने भी दावा किया था कि परीक्षा से पहले प्रसारित एक “गेस पेपर” के लगभग 120 सवाल वास्तविक प्रश्नपत्र से मेल खाते थे, जिसके बाद इस मामले ने राष्ट्रीय स्तर पर तूल पकड़ लिया।

