1 मई से कमर्शियल गैस सिलिंडर महंगा: ₹993 तक बढ़े दाम, होटल-रेस्टोरेंट पर पड़ेगा असर

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। मई की शुरुआत के साथ ही आम लोगों पर महंगाई का असर दिखने लगा है। 1 मई से 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में बड़ा इजाफा किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, इसकी कीमत में ₹993 तक की बढ़ोतरी हुई है, जिसके बाद दिल्ली में यह सिलिंडर अब ₹3071.50 का हो गया है।
हालांकि राहत की बात यह है कि घरेलू एलपीजी सिलिंडर (14.2 किलो) की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।कमर्शियल सिलिंडर महंगा होने का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग व्यवसाय पर पड़ने की संभावना है। विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ी हुई लागत का बोझ ग्राहकों पर डाला जा सकता है, जिससे चाय, नाश्ता और खाने-पीने की चीजें महंगी हो सकती हैं। इसके अलावा दवा, पैकेजिंग और अन्य छोटे उद्योग भी प्रभावित होंगे, जहां एलपीजी का उपयोग होता है।
इसके साथ ही 5 किलोग्राम के फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलिंडर की कीमत में भी ₹261 की बढ़ोतरी की गई है।वहीं, सरकारी तेल कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद पेट्रोल, डीजल, घरेलू एलपीजी और विमानन टरबाइन ईंधन (ATF) की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया है। कंपनियों का कहना है कि यह कदम उपभोक्ताओं को वैश्विक कीमतों की अस्थिरता से राहत देने के उद्देश्य से उठाया गया है।
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के अनुसार, देश के करीब 90 प्रतिशत उपभोक्ताओं के लिए पेट्रोल-डीजल की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं, जबकि लगभग 33 करोड़ उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलिंडर की कीमतों में भी राहत जारी है।

