ओडिशा में दिल दहला देने वाली घटना: ₹19,300 के लिए बहन का कंकाल लेकर बैंक पहुंचा भाई

भुवनेश्वर, जनमुख न्यूज़। ओडिशा के केओंझार जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने मानवता और व्यवस्था दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। डियानाली गांव निवासी जीतू मुंडा अपनी मृत बहन कालरा मुंडा के बैंक खाते से ₹19,300 निकालने के लिए उसकी हड्डियां (कंकाल) लेकर बैंक पहुंच गया।
जानकारी के मुताबिक, कालरा मुंडा का मल्लीपासि स्थित ओडिशा ग्रामीण बैंक में खाता था। उनकी दो महीने पहले मौत हो चुकी थी। उनके पति और इकलौती संतान का पहले ही निधन हो चुका था, जिससे जीतू ही उनका एकमात्र जीवित रिश्तेदार बचा था।
कुछ दिन पहले जीतू बैंक पहुंचा था, लेकिन बैंक प्रबंधन ने उससे खाताधारक को लाने या फिर मृत्यु प्रमाण पत्र और कानूनी वारिस का दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। दस्तावेजों के अभाव और प्रक्रिया की जानकारी न होने के कारण वह खाली हाथ लौट गया।
गरीबी और जागरूकता की कमी के चलते आवश्यक दस्तावेज जुटा पाना उसके लिए मुश्किल था। इसी मजबूरी में उसने सोमवार को श्मशान जाकर अपनी बहन की कब्र खोदी, अवशेष निकाले और उन्हें कपड़े में लपेटकर करीब तीन किलोमीटर पैदल चलकर बैंक पहुंच गया।
बैंक के बाहर यह दृश्य देखकर लोगों में आक्रोश फैल गया। मौजूद लोगों ने बैंक प्रशासन की संवेदनहीनता पर सवाल उठाते हुए कहा कि सत्यापन के अन्य मानवीय विकल्प अपनाए जा सकते थे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जीतू को समझाकर शांत कराया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले को मानवीय आधार पर देखा जाएगा और बैंक प्रशासन से भी जवाब तलब किया गया है।

