यूपी में मानसून की रफ्तार पड़ी धीमी, उमस ने बढ़ाई परेशानी; 7 जुलाई से फिर होगी झमाझम बारिश

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है, जिससे अधिकांश जिलों में अपेक्षित बारिश नहीं हो सकी। हल्की बारिश और तेज धूप के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश की उम्मीद के विपरीत केवल बूंदाबांदी या हल्की वर्षा ही दर्ज की गई।रविवार को वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, इटावा, सुल्तानपुर, बरेली और मेरठ समेत करीब दस जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि अधिकांश क्षेत्रों में मौसम गर्म और उमस भरा बना रहा।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार सोमवार को भी पूरे प्रदेश में व्यापक बारिश के आसार नहीं हैं। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि मध्य प्रदेश से सटे दक्षिणी उत्तर प्रदेश, विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र में अगले दो दिनों तक वर्षा की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रदेश के 59 जिलों में गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार 7 जुलाई से मानसून दोबारा सक्रिय होने की संभावना है, जिससे प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश होगी। इसके बाद तापमान में गिरावट आएगी और उमस से भी राहत मिलने की उम्मीद है।मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब अवदाब में बदल गया है। इसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश में मानसून को नई गति मिलने के संकेत हैं। रविवार रात से सोमवार तक कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में वज्रपात और बारिश की चेतावनी जारी की गई है:
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर तथा आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है।

