राम मंदिर आस्था का विषय, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई: लखनऊ में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का विपक्ष पर हमला

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राजधानी लखनऊ में चुनावी तैयारियों की समीक्षा के दौरान अयोध्या के श्रीराम मंदिर से जुड़े मुद्दे पर विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रीराम मंदिर भाजपा के लिए राजनीति का नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है, इसलिए मंदिर की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में अवध क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजकों को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा प्रकरण में कानून अपना काम कर रहा है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मामले में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करेगी।
भाजपा अध्यक्ष ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो दल आज राम मंदिर के मुद्दे पर सवाल उठा रहे हैं, वही कभी भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर प्रश्नचिह्न लगाते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल आस्था के विषय को भी राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं, जबकि भाजपा ने वर्षों के संघर्ष और बलिदान के बाद मंदिर निर्माण का सपना साकार होते देखा है।
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल पर भी तीखा हमला बोला। नितिन नवीन ने कहा कि विपक्ष समाज को बांटने की राजनीति कर रहा है, जबकि भाजपा देश की सांस्कृतिक विरासत, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानती है।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राम मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि 500 वर्षों के संघर्ष, आस्था और बलिदान का प्रतीक है। ऐसे में मंदिर से जुड़े किसी भी मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी तथा दोषियों को किसी भी सूरत में संरक्षण नहीं मिलेगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बी.एल. संतोष, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

