पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान खत्म, 89.99% वोटिंग; कई जगह हिंसा और धांधली के आरोप

कोलकाता, जनमुख न्यूज़। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 142 सीटों पर मतदान संपन्न हो गया। कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच 1,448 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। शाम 5 बजे तक 89.99 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि अंतिम आंकड़ों में बदलाव संभव है।
मतदान के दौरान कई इलाकों से हिंसा और झड़प की खबरें भी सामने आईं। उत्तर 24 परगना के अरबिंद रैल इलाके में बूथ नंबर 120 पर टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट और पत्थरबाजी हुई। घटना में कई लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे सुरक्षा बलों ने लाठीचार्ज कर स्थिति को नियंत्रित किया और इलाके में फ्लैग मार्च किया जा रहा है।
नोआपाड़ा सीट से भाजपा उम्मीदवार Arjun Singh ने मतदान के अंतिम घंटों में धांधली के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि फर्जी वोटिंग कराई जा रही है और उनके समर्थकों को डराने की कोशिश हो रही है। इस मामले की शिकायत चुनाव आयोग से करने की बात कही गई है।
दूसरी ओर, मुख्यमंत्री Mamata Banerjee ने चुनाव के बीच बड़ा दावा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस दो-तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है और भाजपा हार की ओर बढ़ रही है।
मतदान के दौरान पूर्व वर्धमान जिले के एक मतदान केंद्र के पास बम मिलने से हड़कंप मच गया। सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर बम को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी।चुनाव आयोग ने संवेदनशील माहौल को देखते हुए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 700 कंपनियों को राज्य में तैनात रखने का निर्णय लिया है, ताकि चुनाव परिणाम आने तक कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

