ट्रंप का दावा- ईरान से शांति समझौते की बनी रूपरेखा, फिलहाल टला सैन्य हमला

नई दिल्ली, अंतर्राष्ट्रीय न्यूज़। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ शांति समझौते की रूपरेखा पर सहमति बन गई है। उन्होंने कहा कि इसी कारण अमेरिका ने फिलहाल ईरान पर प्रस्तावित नए सैन्य हमले को रोक दिया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि समझौते में हॉर्मुज जलडमरूमध्य को तत्काल पूरी तरह खोलने और ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े खतरे को समाप्त करने पर सहमति बनी है।
ट्रंप के अनुसार, ईरान और मध्य-पूर्व के कुछ अन्य देशों ने अमेरिका से सैन्य कार्रवाई रोकने का अनुरोध किया था। उन्होंने कहा कि यदि समझौता सफलतापूर्वक लागू होता है तो इससे क्षेत्र में शांति बहाल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने यह भी कहा कि एक स्थिर और समृद्ध ईरान के लिए इस समझौते को जल्द अंतिम रूप देना जरूरी है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि इज़राइल भी इस शांति प्रक्रिया में सहयोग करने और युद्ध समाप्त करने के प्रयासों में अमेरिका के साथ है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर ईरान की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
इस बीच ईरान की खातम अल-अंबिया सैन्य कमान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मध्य-पूर्व के देशों से अमेरिका के साथ अपनी साझेदारी पर पुनर्विचार करने की अपील की है।
उधर, Axios की एक रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने ट्रंप से फोन पर बातचीत के दौरान क्षेत्र में बढ़ते तनाव को लेकर चिंता जताई। रिपोर्ट में कहा गया है कि सऊदी अरब को आशंका है कि यदि अमेरिका ईरान के ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमला करता है तो जवाबी कार्रवाई में ईरान सऊदी अरब और अन्य खाड़ी देशों के ऊर्जा ढांचे को निशाना बना सकता है।
हालांकि, ट्रंप के दावों और प्रस्तावित शांति समझौते की पुष्टि ईरान की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से नहीं की गई है।

