वाराणसी जंक्शन पर 16 लाख नकद के साथ युवक गिरफ्तार, हवाला कनेक्शन की आशंका

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। जंक्शन रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से भारी मात्रा में नकदी बरामद की है। तलाशी के दौरान युवक के बैग और सूटकेस से 16 लाख रुपये की गड्डियां मिलने पर अधिकारियों के भी होश उड़ गए।
जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर प्लेटफॉर्म संख्या 8-9 पर जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान शाहजहांपुर निवासी रवि गुलाटी संदिग्ध हालत में नजर आया। तलाशी लेने पर उसके बैग में छुपाकर रखी गई नकदी बरामद हुई, जिसके बाद उसे तुरंत हिरासत में लेकर जीआरपी थाने लाया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुद को कॉस्मेटिक दुकानदार बताते हुए दावा किया कि वह कटे-फटे नोट बदलवाने वाराणसी आया था और बदले में छोटे मूल्य के नोट लेकर लौट रहा था। हालांकि, उसके पास नकदी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
पुलिस के मुताबिक, युवक पहले भी कई बार वाराणसी आ चुका है, जिससे मामले में संदेह और गहरा गया है। फिलहाल बरामद रकम को जब्त कर लिया गया है और आयकर विभाग को भी सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह रकम हवाला या टैक्स चोरी से जुड़ी होने की आशंका जताई जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

