NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा अब 21 जून को

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा की नई तारीख घोषित कर दी है। अब यह परीक्षा देशभर में 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। इससे पहले परीक्षा 3 मई को हुई थी, लेकिन पेपर लीक की आशंकाओं के बाद इसे रद्द कर दिया गया था। मामले की जांच अब सीबीआई को सौंप दी गई है।एनटीए ने स्पष्ट किया है कि दोबारा परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली यह परीक्षा पहले की तरह देशभर के निर्धारित केंद्रों पर कराई जाएगी।
एनटीए ने कहा कि केंद्र सरकार की अनुमति मिलने के बाद पुनः परीक्षा कराने का फैसला लिया गया है। एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों से केवल आधिकारिक माध्यमों से जारी सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।इससे पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan ने परीक्षा को दोबारा आयोजित कराने को लेकर उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक में शिक्षा मंत्रालय और एनटीए के वरिष्ठ अधिकारियों ने परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने पर चर्चा की।एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने कहा कि पेपर लीक माफिया की वजह से मेहनती छात्रों को नुकसान हुआ है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिन छात्रों या अभिभावकों के पास पेपर लीक से जुड़ी कोई जानकारी हो, वे ईमेल के माध्यम से साझा कर सकते हैं और उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वीकार किया कि परीक्षा प्रक्रिया में सेंध लगी थी। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले में “जीरो टॉलरेंस” नीति पर काम कर रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोबारा परीक्षा में छात्रों की मेहनत और भविष्य से कोई समझौता नहीं होने दिया जाएगा।

