पालघर में भीषण सड़क हादसा: बारातियों से भरे टेंपो पर पलटा कंटेनर, 13 की मौत, 20 घायल

पालघर, जनमुख न्यूज़। महाराष्ट्र के पालघर जिले में सोमवार को मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा धाणीवरी इलाके के पास उस समय हुआ, जब बारातियों से भरे टेंपो पर तेज रफ्तार कंटेनर पलट गया।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ। दहानू के बापू गांव से एक परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए धाणीवरी जा रहा था। जैसे ही टेंपो हाईवे पर धाणीवरी के पास पहुंचा, गुजरात से मुंबई की ओर जा रहा एक कंटेनर अनियंत्रित होकर टेंपो पर पलट गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भयावह था कि कई लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सड़क पर मलबा और घायल लोगों को देखकर वहां मौजूद लोग भी दहशत में आ गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को कासा उपजिला अस्पताल और धुंदलवाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे टेंपो चालक की लापरवाही सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि करीब एक किलोमीटर का रास्ता बचाने के लिए चालक गलत दिशा में वाहन चला रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कंटेनर पहले एक बाइक सवार को कुचलते हुए टेंपो पर पलट गया।मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
हादसे में जान गंवाने वालों में सुरेश रत्ना लाखात, पांडू गणपत लाखात, काळू गोविंद लाखात, सुनील अर्जुन दांडेकर, चिमा गोविंद कुरहाडा, नमिता विठ्ठल दांडेकर, सारिका संतोष लाखात, आयुष सिताराम लाखात, सागर नामदेव शेंडे, वंदना शिवराम वलवी, सलोनी शिवराम वलवी, अजय अहाडी और रियांशी संतोष लाखात शामिल हैं।

