फलता सीट पर भाजपा की ऐतिहासिक जीत, देबांग्शु पांडा ने 1.09 लाख वोटों से दर्ज की शानदार विजय

कोलकाता,जनमुख न्यूज़। पश्चिम बंगाल की फलता विधानसभा सीट पर हुए पुनर्मतदान के बाद मतगणना में भाजपा ने बड़ी जीत दर्ज की है। 22वें और अंतिम राउंड की गिनती पूरी होने के बाद भाजपा प्रत्याशी देबांग्शु पांडा को विजयी घोषित कर दिया गया। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सीपीआईएम उम्मीदवार को भारी अंतर से हराया।निर्वाचन आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, भाजपा प्रत्याशी देबांग्शु पांडा को कुल 1,49,666 वोट मिले। उन्होंने सीपीआईएम उम्मीदवार शंभू नाथ कुर्मी को 1.09 लाख से अधिक मतों के अंतर से पराजित किया। शंभू नाथ कुर्मी को 40,645 वोट प्राप्त हुए।कांग्रेस प्रत्याशी अब्दुर रज्जाक मोल्ला तीसरे स्थान पर रहे, जिन्हें 10,084 वोट मिले। वहीं कभी राज्य की सत्ता पर काबिज रही तृणमूल कांग्रेस इस सीट पर चौथे स्थान पर खिसक गई। तृणमूल उम्मीदवार जहांगीर खान को महज 7,783 वोटों से संतोष करना पड़ा।
मतगणना के शुरुआती दौर से ही भाजपा प्रत्याशी ने बढ़त बना ली थी। 20वें राउंड तक देबांग्शु पांडा एक लाख से अधिक वोटों की निर्णायक बढ़त हासिल कर चुके थे। इसके बाद उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही थी। इस नतीजे को पश्चिम बंगाल की राजनीति में भाजपा के बढ़ते प्रभाव के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं तृणमूल कांग्रेस के कमजोर प्रदर्शन ने राज्य की राजनीतिक हलचल को और तेज कर दिया है।

