छत्तीसगढ़ में मूसलाधार बारिश का कहर: बाढ़ में फंसे 14 मजदूरों का रेस्क्यू, रायपुर के कई इलाकों में जलभराव

रायपुर/गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। गरियाबंद जिले में बाढ़ जैसे हालात के बीच नदी के बढ़ते जलस्तर में फंसे 14 मजदूरों को पुलिस और होमगार्ड की संयुक्त टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं राजधानी रायपुर में रातभर हुई तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।गरियाबंद के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) नितेश सिंह ने बताया कि छुरा थाना क्षेत्र के बीजापाल गांव में बगनई नदी पर पुल निर्माण का कार्य चल रहा था।
पुल के नीचे बने अस्थायी शेड में रह रहे 14 मजदूर लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ने से चारों ओर से पानी में घिर गए। सूचना मिलते ही गरियाबंद पुलिस और महासमुंद होमगार्ड की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर सभी मजदूरों को सुरक्षित निकाल लिया। अधिकारियों के अनुसार समय रहते रेस्क्यू नहीं होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
उधर, राजधानी रायपुर में लगातार बारिश से कई मोहल्लों की सड़कें जलमग्न हो गईं। कई स्थानों पर घुटनों से लेकर कमर तक पानी भर गया, जबकि कुछ घरों में भी दो से तीन फीट तक पानी घुस गया। जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा और लोगों को दैनिक कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनज़र प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है। गरियाबंद जैसे पहाड़ी और नदी-नालों वाले इलाकों में पुलिस व प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। अधिकारियों ने लोगों से नदी-नालों के आसपास न जाने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।

