समय रैना को सुप्रीम कोर्ट की फटकार, 10 लाख रुपये का जुर्माना; रणवीर अल्लाहबादिया मामले में सख्त टिप्पणी

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। कॉमेडियन समय रैना और रणवीर अल्लाहबादिया से जुड़े मामले में मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने समय रैना को अपने पूर्व आदेशों का पालन नहीं करने पर कड़ी फटकार लगाई और उन पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। अदालत ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में जुर्माना जमा नहीं करने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने दोनों के आचरण पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वे स्वयं को “यूथ आइकॉन” बताते हैं, लेकिन उनका व्यवहार इस भूमिका के अनुरूप नहीं है। अदालत ने टिप्पणी की कि ऐसे आचरण से युवाओं पर गलत संदेश जा सकता है।
कोर्ट ने यह भी कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि समय रैना ने अदालत को गुमराह किया है और उसके आदेशों का पालन नहीं किया। पीठ ने कहा कि पहले दिए गए आश्वासनों के बावजूद उनका बाद का आचरण अदालत के समक्ष किए गए वादों के अनुरूप नहीं रहा।
सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई जारी रखते हुए स्पष्ट किया कि न्यायालय के आदेशों की अवहेलना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी पक्षों को अदालत के निर्देशों का पूरी तरह पालन करना होगा।

