मणिपुर में असम राइफल्स कैंप पर हिंसक हमला, पथराव और आगजनी; तीन वाहन फूंके

इंफाल, जनमुख न्यूज़। मणिपुर के सेनापति जिले में मंगलवार रात असम राइफल्स के एक कैंप पर हिंसक भीड़ ने हमला कर दिया। हमलावरों ने कैंप पर पथराव किया, तोड़फोड़ की और सुरक्षा बलों के तीन वाहनों में आग लगा दी। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।रक्षा जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) के अनुसार, असम राइफल्स को विश्वसनीय खुफिया सूचना मिली थी कि माकुइलोंगदी क्षेत्र में हथियारबंद उग्रवादी मौजूद हैं। यह इलाका एनएससीएन (आईएम) के ओकलोंग स्थित निर्धारित कैंप से लगभग दो किलोमीटर पश्चिम में है। सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने इलाके में गश्त और तलाशी अभियान शुरू किया।
अधिकारियों ने बताया कि खुफिया रिपोर्ट और सोशल मीडिया पर मिली जानकारियों के अनुसार कुछ हथियारबंद उग्रवादी निर्धारित कैंपों से बाहर हथियार और वर्दी के साथ देखे गए थे। इसे संघर्षविराम (सीजफायर) समझौते के नियमों का उल्लंघन मानते हुए सीजफायर मॉनिटरिंग ग्रुप (सीएफएमजी) को भी इसकी सूचना दी गई थी।
तलाशी अभियान के दौरान जब असम राइफल्स की टीम माकुइलोंगदी और ओकलोंग गांव की ओर बढ़ रही थी, तब बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, ने जवानों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। इससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा हो गई।अधिकारियों के मुताबिक, रात करीब नौ बजे सूचना मिली कि सेनापति शहर में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होकर असम राइफल्स कैंप की ओर बढ़ रहे हैं। इसके बाद सुरक्षा बलों की टीम तलाशी अभियान से वापस लौट आई। हालांकि, रात करीब 9:30 बजे भीड़ कैंप तक पहुंच गई और पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान कैंप की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया और सुरक्षा बलों के तीन वाहनों में आग लगा दी गई।घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है और स्थिति पर सुरक्षा एजेंसियां लगातार नजर बनाए हुए हैं।

