CBSE में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का तबादला, OSM टेंडर की होगी जांच

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। केंद्र सरकार ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से जुड़े मामलों में बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए बोर्ड के चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का तबादला कर दिया है। उनके स्थान पर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी लोखंडे प्रशांत सीताराम को CBSE का नया चेयरमैन और वरिष्ठ नौकरशाह वरुण भारद्वाज को नया सचिव नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही सरकार ने CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सेवाओं की खरीद प्रक्रिया की जांच के लिए एक विशेष समिति का गठन किया है। यह समिति OSM सिस्टम से संबंधित टेंडर प्रक्रिया, सेवाओं की खरीद और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच करेगी।
जारी आदेश के अनुसार, जांच समिति की अध्यक्षता कैपेसिटी बिल्डिंग कमीशन की चेयरपर्सन एस. राधा चौहान करेंगी। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें विभिन्न विभागों और कार्यालयों के अधिकारियों की सहायता लेने का अधिकार भी दिया गया है। समिति को सचिवीय सहयोग कैपेसिटी बिल्डिंग कमीशन की ओर से उपलब्ध कराया जाएगा।सरकार ने समिति को निर्देश दिया है कि वह अपनी जांच रिपोर्ट एक माह के भीतर कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) को सौंपे।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली, मूल्यांकन प्रक्रिया और OSM टेंडर से जुड़े मामलों को लेकर कई सवाल उठे थे। छात्रों और विभिन्न संगठनों ने भी पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की थी। ऐसे में सरकार का यह कदम CBSE की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

