पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार, 35 नए मंत्रियों ने ली शपथ

कोलकाता, जनमुख न्यूज़। पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के गठन के बाद सोमवार को पहला बड़ा मंत्रिमंडल विस्तार किया गया। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार में 35 नए मंत्रियों को शामिल किया गया। राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आर.एन. रवि ने सभी मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस विस्तार के बाद राज्य मंत्रिमंडल में कुल मंत्रियों की संख्या बढ़कर 41 हो गई है। 294 सदस्यीय विधानसभा के अनुसार राज्य सरकार अधिकतम 44 मंत्रियों को कैबिनेट में शामिल कर सकती है, ऐसे में अभी तीन पद रिक्त हैं। सरकार का कहना है कि मंत्रिमंडल विस्तार का उद्देश्य विभिन्न विभागों में प्रशासनिक क्षमता को मजबूत करना और शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह विस्तार क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
इन नेताओं ने कैबिनेट मंत्री के रूप में ली शपथ
स्वपन दासगुप्ता, दूध कुमार मंडल, दीपक बर्मन, मनोज कुमार उरांव, गौरी शंकर घोष, अर्जुन सिंह, तपस रॉय, शरद्वत मुखर्जी, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, कल्याण चक्रवर्ती, अजय पोद्दार, अनुप कुमार दास और डॉ. शंकर घोष को कैबिनेट मंत्री बनाया गया।
स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री
भाजपा विधायक डॉ. इंद्रनील खान, मालती रावा रॉय और राजेश महतो ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ग्रहण की।
राज्य मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले प्रमुख नेता
शांतनु प्रमाणिक, पूर्णिमा चक्रवर्ती, उमेश राय, जोएल मुर्मू, अशोक डिंडा, आनंदमय बर्मन, कौशिक चौधरी, गर्गी दास घोष, भास्कर भट्टाचार्य, दिवाकर घरामी, सुमना सरकार, हरे कृष्ण बेरा, नदियार चंद बाउरी, विशाल लामा, मौमिता बिस्वास मिश्रा, अमिया किस्कू, कलिता माझी, बिराज बिस्वास और दीपांकर जाना समेत कुल 19 नेताओं ने राज्य मंत्री पद की शपथ ली।
शासन को नई गति देने की तैयारी
मंत्रिमंडल विस्तार को नई सरकार के लिए अहम प्रशासनिक कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने संकेत दिया है कि नई टीम के साथ सरकार विकास, कानून-व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देगी। राज्य की राजनीति में इस विस्तार को भाजपा सरकार की दीर्घकालिक रणनीति और संगठनात्मक संतुलन के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

