NEET पेपर लीक पर राहुल गांधी का हमला, बोले- ‘मोदी सरकार ने युवाओं का भविष्य छीना’

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नीट यूजी पेपर लीक मामले को लेकर एक बार फिर केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला है। राजस्थान में विरोध प्रदर्शन के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को निशाने पर लिया।
राहुल गांधी ने लिखा कि नीट पेपर लीक ने लाखों छात्रों का भविष्य बर्बाद कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि इस मामले से परेशान होकर कई छात्रों ने अपनी जान तक गंवा दी, लेकिन केंद्र सरकार ने न तो जिम्मेदारी ली और न ही शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाया।
उन्होंने कहा कि जब देश के युवा पेपर लीक के खिलाफ सड़कों पर उतरकर न्याय की मांग कर रहे थे, उस समय प्रधानमंत्री मोदी विदेश दौरे में व्यस्त थे। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की समस्याओं पर चुप्पी साधे हुए है और उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि जब छात्र, एनएसयूआई और कांग्रेस कार्यकर्ता न्याय की मांग उठा रहे हैं, तब भाजपा शासित राज्यों में उन पर लाठीचार्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो सरकार छात्रों के सवालों का जवाब लाठी से देती है, वह जवाबदेही नहीं बल्कि डर के आधार पर चल रही है।
कांग्रेस नेता ने स्पष्ट कहा कि उनकी पार्टी तब तक संघर्ष जारी रखेगी, जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते और देश में पेपर लीक रोकने के लिए मजबूत एवं सुरक्षित व्यवस्था लागू नहीं की जाती।
उन्होंने कहा कि यह लड़ाई देश के हर उस छात्र के लिए है, जिसका भविष्य प्रभावित हुआ है। इससे पहले जयपुर में नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा मुख्यालय की ओर मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने किया। कांग्रेस नेताओं ने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई।

