NEET पेपर लीक पर राहुल गांधी का हमला, बोले- ‘शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक जारी रहेगा कांग्रेस का आंदोलन’

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। नीट-यूजी परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह सुरक्षित नहीं बनाया जाता, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर हैदराबाद में छात्रों के प्रदर्शन का एक वीडियो साझा किया। वीडियो में छात्र नीट पेपर लीक के विरोध में नारेबाजी करते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भी नारे लगाए गए।
अपने पोस्ट में राहुल गांधी ने कहा कि जब लाखों युवा सड़कों पर उतरने को मजबूर हों और 22 लाख छात्रों का भविष्य संकट में हो, तब प्रधानमंत्री की चुप्पी सरकार की जवाबदेही पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जवाब देने के बजाय मामले से बचने की कोशिश कर रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि देश में पेपर लीक की घटनाओं को रोकने के लिए मजबूत और फुलप्रूफ व्यवस्था लागू करना जरूरी है। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर पीछे हटने वाली नहीं है।
गौरतलब है कि नीट-यूजी परीक्षा को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। विपक्षी दलों का आरोप है कि केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और सुरक्षा बनाए रखने में विफल रही है। कांग्रेस लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग कर रही है।

