पश्चिम एशिया तनाव और आर्थिक चिंता से शेयर बाजार धड़ाम, सेंसेक्स 1456 अंक टूटा

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से देशवासियों से मितव्ययिता अपनाने की अपील के बाद घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को भारी गिरावट दर्ज की गई। कमजोर वैश्विक संकेतों, महंगे कच्चे तेल और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के दबाव में बाजार बुरी तरह टूट गया।
कारोबार के अंत में BSE Sensex 1,456.04 अंक लुढ़ककर 74,559.24 पर बंद हुआ, जबकि Nifty 50 436.30 अंक गिरकर 23,379.55 पर पहुंच गया। लगातार दूसरे दिन बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली और निवेशकों की धारणा कमजोर बनी रही।
इस बीच भारतीय रुपया भी दबाव में रहा। डॉलर के मुकाबले रुपया गिरकर अपने अब तक के रिकॉर्ड निचले स्तर 95.63 (अस्थायी) तक पहुंच गया। जानकारों का कहना है कि वैश्विक अनिश्चितता और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर भारतीय मुद्रा पर साफ दिखाई दे रहा है।
बाजार में बढ़ती घबराहट का असर उतार-चढ़ाव मापने वाले सूचकांक इंडिया वीआईएक्स पर भी दिखा। India VIX करीब 4 प्रतिशत बढ़कर 19.26 पर पहुंच गया, जो निवेशकों की चिंता को दर्शाता है।
भारी बिकवाली के चलते बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध कंपनियों के कुल बाजार पूंजीकरण में 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद कुल मार्केट कैप घटकर लगभग 457 लाख करोड़ रुपये रह गया।

