वीडी सतीशन होंगे केरल के नए मुख्यमंत्री, कांग्रेस ने 10 दिन बाद किया ऐलान

तिरुवंतपुरम, जनमुख न्यूज़। वीडी सतीशन को केरल का नया मुख्यमंत्री चुना गया है। कांग्रेस नेतृत्व ने गुरुवार को उनके नाम का आधिकारिक ऐलान किया। विधानसभा चुनाव परिणाम आने के 10 दिन बाद मुख्यमंत्री के नाम पर बनी सहमति के बाद यह फैसला सामने आया है।
दिल्ली में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं दीपादास मुंशी, मुकुल वासनिक और अजय माकन ने बताया कि वीडी सतीशन को विधायक दल का नेता चुना गया है और वही राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे।
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में केसी वेणुगोपाल और रमेश चेन्नीथाला के नाम भी चर्चा में थे, लेकिन आखिरकार जमीनी राजनीति से जुड़े नेता माने जाने वाले वीडी सतीशन को जिम्मेदारी सौंपी गई।
केरल विधानसभा चुनाव में 140 सीटों में से कांग्रेस नीत यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट को 102 सीटों पर जीत मिली, जबकि लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट को 35 सीटें और एनडीए को केवल तीन सीटों से संतोष करना पड़ा।
मुख्यमंत्री नामित होने के बाद वीडी सतीशन ने कहा कि केरल में एक नए युग की शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि राज्य की आर्थिक स्थिति चुनौतीपूर्ण है, लेकिन उनकी सरकार बदलाव लाने के लिए पूरी कोशिश करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि कांग्रेस नेतृत्व के सभी वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें फोन कर बधाई दी है।
कौन हैं वीडी सतीशन?
वीडी सतीशन का पूरा नाम वदस्सेरी दामोदरन सतीशन है। उनका जन्म 31 मई 1964 को कोच्चि के नेट्टूर क्षेत्र में हुआ था। उनके पिता का नाम के. दामोदरा मेनन और माता का नाम वी. विलासिनी अम्मा है।उन्होंने पनांगड हाईस्कूल से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की और बाद में सैक्रेड हार्ट कॉलेज, थेवारा से स्नातक की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने राजगिरी कॉलेज ऑफ सोशल साइंसेज से मास्टर ऑफ सोशल वर्क की डिग्री हासिल की।कानून की पढ़ाई में भी उनकी मजबूत पकड़ रही है। उन्होंने केरल लॉ एकेडमी लॉ कॉलेज से एलएलबी और गवर्नमेंट लॉ कॉलेज, तिरुवनंतपुरम से एलएलएम की डिग्री प्राप्त की। राजनीतिक गलियारों में उन्हें अध्ययनशील और जमीनी नेता के रूप में जाना जाता है।

